खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लगी आग के बाद विस्फोट से तीन लोग झुलसे
आजमगढ़ जिला के महराजगंज थाना क्षेत्र के भैरोदासपुर गांव में सोमवार की सुबह लगभग 10 बजे खाना बनाते समय रसोई गैस सिलेंडर में लगी आग के बाद विस्फोट से रिहायसी मंडई में आग लग गई और तीन लोग झुलस गए ।
उक्त गांव निवासी रामगढ़ यादव के पास कोई लड़का नहीं है सिर्फ पांच लड़कियां हैं जिसमें से एक लड़की गंगा ही पिता के पास रहती है । पिता संत प्रवृत्ति के हैं और स्वयं अपना खाना बनाते खाते हैं । सोमवार की सुबह भी वह अपने लिए रिहायशी मंडई में खाना बना रहे थे कि तभी अचानक से गैस सिलेंडर में आग पकड़ ली और देखते ही देखते रिहायसी मंडई को भी उसने अपनी चपेट में ले लिया । शोर सुनकर आसपास के लोग आग बुझाने के लिए दौड़े और मंडई में बंधे जानवरों को खोलकर बाहर किया । जलते हुए सिलेंडर को बुझाने का प्रयास कर रहे थे कि तभी उसमें विस्फोट हो गया जिससे रामगढ़ जहां मामूली रूप से झुलस गये वहीं उनके भतीजे बलिराम यादव उम्र लगभग 55 वर्ष तथा बलिहारी यादव उम्र लगभग 50 वर्ष पुत्रगण स्वर्गीय जासे यादव गंभीर रूप से झुलस गए । झुलसे हुए लोगों में रामगढ़ व बलिराम का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है तथा बलिहारी यादव को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया गया है ।
घटना सूचना के पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों द्वारा आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया । इस आगजनी की घटना में पीड़ित परिवार का तीस हजार नकद सहित पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो गई तथा एक लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है ।
