गोरखपुर में रोड शो के जरिए अखिलेश यादव ने दिखाई ताकत, छतों से बरसाया गया फूल

244 Views

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार देर शाम रोड शो निकालकर ताकत का अहसास कराया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से शुरू रोड शो गोलघर काली मंदिर तक गया। करीब पांच किलोमीटर तक जगह-जगह अखिलेश के समाजवादी विजय रथ का स्वागत किया गया। इस दौरान लोगों ने छतों से फूल बरसाए।

रथयात्रा के दौरान समर्थक रथ के आगे-पीछे झंडा लिए दौड़ते रहे। काफिला जहां से भी गुजरा, अखिलेश और समाजवादी पार्टी जिंदाबाद के नारे गूंजते रहे। घरों की छतों से रथ पर फूल बरसाए गए। लोगों ने दुकानों-घरों के गेट पर खड़े होकर अखिलेश का स्वागत किया। रोड शो के रूट पर पड़ने वाले सभी चौराहों पर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए रथ रुकता रहा।

अखिलेश ने रथ के गेट पर खड़े होकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया और हाथ जोड़कर हौसला आफजाई की। हाथ मिलाया। ऑटोग्राफ दिए। बड़े- बुजुर्गों का हाल पूछा, पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील की। साथ ही छोटे बच्चों को दुलारा भी।

अखिलेश यादव की विजय रथ यात्रा सूरजकुंड फ्लाईओवर होते हुए दुर्गाबाड़ी चौक गंगेज चौक, तिवारी हाता होते हुए जटाशंकर चौक, धर्मशाला चौक, यातायात तिराहा, पटेल चौक होते काली मंदिर चौक पहुंची। करीब पांच किलोमीटर लंबे रूट को तय करने में करीब तीन घंटे का समय लगा। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से विजय रथ शाम 6:10 बजे चला जो करीब 7:40 बजे दुर्गा बाड़ी चौक, 8:35 पर धर्मशाला चौराहा और रात 9 बजे के करीब गोलघर काली मंदिर पहुंच सका। अंत में अखिलेश ने जनसभा की और 9:33 बजे तक संवाद करते रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *