मऊ। भारतीय सेना द्वारा हाल ही में अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदुर’ की सफलता पर देशभर में गर्व और उत्साह का माहौल है। आतंकवादियों के खिलाफ इस निर्णायक कार्रवाई ने हर देशवासी के दिल में गर्व की भावना भर दी है। मऊ के दीवानी न्यायालय में भी इस गौरवपूर्ण क्षण को लेकर अधिवक्ताओं में विशेष उत्साह देखा गया।
सेना द्वारा आतंकियों के खिलाफ शुरू किए गए इस बदले के अभियान की खबर मिलते ही न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और भारतीय सेना के जयकारे लगाए। अधिवक्ताओं का कहना था कि यह कदम न केवल देश की सुरक्षा के लिए अहम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि भारत अब हर चुनौती का जवाब मजबूती से देने को तैयार है।
वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर त्रिपाठी ने कहा, “हमारे वीर सैनिकों ने देश की गरिमा को सुरक्षित रखने का जो कार्य किया है, उससे हम गौरवान्वित हैं। यह केवल एक ऑपरेशन नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ संकल्प की शुरुआत है।”
न्यायालय परिसर में मिठाई वितरण के दौरान देशभक्ति गीत भी गूंजे और वातावरण पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। अधिवक्ताओं ने भारतीय सेना के प्रति आभार जताया और उनके साहस को सलाम किया।
इस अवसर पर एड० राजेश तिवारी, एड० राधेश्याम सिंह, एड० संदीप श्रीवास्तव, एड० रमाकान्त सिंह, राहुल यादव, आदि सहित दर्जनो अधिवक्ता उपस्थित रहे।



