माकपोल में नोटा समेत प्रत्येक प्रत्याशी को करें एक-एक वोट

434 Views

पीठासीन अधिकारी को सुबह साढ़े पांच बजे माकपोल कराते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना होगा कि बैलेट यूनिट में दर्ज नोटा समेत प्रत्येक प्रत्याशी के लिए एक-एक दिखावटी मतदान जरूर किया जाए। इसका मकसद प्रत्येक प्रत्याशी के लिए होने वाले मतदान की शुचिता को पोलिग एजेंटों को दिखाना है। माकपोल में न्यूनतम 50 दिखावटी मतदान होगा। पीठासीन अधिकारी को माकपोल कराने एवं मतदान शुरू होने का प्रमाणपत्र जारी करना होगा। दोनों प्रमाणपत्रों पर यहां मौजूद पोलिग एजेंटों के साथ पीठासीन भी हस्ताक्षर करेंगे।

प्रशिक्षण प्रभारी सीडीओ घनश्याम मीणा के नेतृत्व में सहायक कार्मिक प्रभारी डीडीओ वीरेंद्र सिंह, ईवीएम प्रभारी पीडी राकेश प्रसाद, डीपीआरओ अवनीश श्रीवास्तव, बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह व सहायक प्रशिक्षण प्रभारी एनआरएलएम उपायुक्त आरबी यादव, भूमि संरक्षण अधिकारी राजमंगल चौधरी एवं उपायुक्त उद्योग आशुतोष सहाय पाठक ने प्रशिक्षण की कमान संभालते हुए बताया कि मतदान अधिकारी प्रथम को बूथ पर मतदाता सूची का प्रभारी बनाया जाएगा। यह वोट देने वाले मतदाता की पहचान कर लिस्ट में चिन्ह लगाएगा। इसके बाद मतदाता का नाम बोलकर सबको सुनाएगा। मतदान अधिकारी द्वितीय बूथ पर अमिट स्याही लगाने एवं मतदाता रजिस्टर 17-क का प्रभारी होगा। मतदाता पर्ची भी यही जारी करेगा। मतदाता के बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में अमिट स्याही लगाएगा। मतदाता से रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराते हुए पर्ची जारी करेगा। मतदान अधिकारी तृतीय की जिम्मेदारी होगी कि वह मतदाता पर्ची देखने के बाद अमिट स्याही का निशान देखकर कंट्रोल यूनिट के बैलेट बटन को दबाकर मतदाता को मतदान करने के लिए गोपनीय कक्ष में बैलेट यूनिट तक जाने की अनुमति देगा। मास्टर ट्रेनर प्रदीप पांडेय, कृष्ण कुमार, एमए सिद्दीकी, अरुण प्रकाश, संतोष गुप्त, रामतीरथ वर्मा, राजबहादुर यादव व हसन अंसारी ने बताया कि कंट्रोल यूनिट में बिजी वाली लाल लाइट और बैलेट यूनिट में हरे रंग की रेडी लाइट जलेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *