सेक्टर स्वर्णनगरी में लावारिस कुत्तों के लिए नसबंदी केंद्र शुरू कर दिया गया है। शहर में यह पहला नसबंदी केंद्र है। सबसे पहले सेक्टर ओमीक्रॉन टू के निवासियों ने 10 लावारिस कुत्तों की नसबंदी कराने के लिए पैसे जमा करा दिए हैं। एसोसिएशन ने 250 रुपये प्रति कुत्ते के हिसाब से 2500 रुपये जमा कराए हैं। हालांकि, एक कुत्ते पर 1000 रुपये का खर्च आएगा। शेष खर्च प्राधिकरण वहन करेगा। ह्यूमन वेलफेयर संस्था को यह जिम्मेदारी दी गई है। नसबंदी के बाद पहचान के लिए कुत्ते के गले में पट्टा और कान पर कट भी लगाया जाएगा।
सीईओ नरेंद्र भूषण के निर्देश पर जन स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र बनाया है। साथ ही, संस्था से करार किया है। जिस भी सेक्टर या सोसाइटी की आरडब्ल्यूए को लावारिस कुत्तों की नसबंदी करानी है वह प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये संस्था के खाते में जमा करा सकते हैं। संस्था के प्रतिनिधि कुत्तों को पकड़कर लाएंगे। नसबंदी करेंगे और फिर वहीं पर छोड़ आएंगे। सुप्रीम कोर्ट के एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) नियम के अनुसार जिस कुत्ते को जहां से पकड़ा जाएगा, नसबंदी के बाद उसे वहीं छोड़ना होगा।
जन स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक सलिल यादव ने बताया कि नसबंदी के बाद पांच दिन के लिए कुत्तों को रखा जाएगा। उन्हें एंटी रेबीज इंजेक्शन भी लगेंगे। जिस सेक्टर या सोसाइटी का पैसा पहले जमा होगा, वहां के कुत्तों की नसबंदी पहले की जाएगी। केंद्र में ऑपरेशन रूम व वेटिंग एरिया भी बनाया गया है। कुत्तों की देखरेख के लिए 24 घंटे कर्मचारी तैनात रहेंगे। ऑपरेशन रूम में एसी, फ्रिज व आरओ की व्यवस्था की गई है।
इस नंबर पर करें कॉल
प्राधिकरण ने कुत्तों की नसबंदी कराने के लिए मोबाइल नंबर-7838565456 जारी किया है। इस पर कॉल कर सूचना दी जा सकती है। सेक्टर या सोसाइटी के निवासी ह्यूमन वेलफेयर संस्था के बैंक खाते (संख्या -67760170087, आईएफएसी कोड-आईसीआईसी 0006776, आईसीआईसीआई बैंक) में प्रति कुत्ते के हिसाब से 250 रुपये जमा करा सकते हैं। संस्था की टीम कुत्तों को पकड़कर लाएगी।
ग्रेटर नोएडा में लावारिस कुत्तों का पहला नसबंदी केंद्र शुरू
314 Views
