आजमगढ़ जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने बताया है कि रजिस्ट्रार/निरीक्षक, उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा शासन स्तर पर संचालित राज्यानुदानित, मदरसा आधुनिकीकरण योजना से आच्छादित एवं केवल मान्यता प्राप्त मदरसों, सभी को यू-डायस+ पोर्टल पर आधार नम्बर आधारित छात्रों की संख्या से सम्बन्धित डाटा फीड किये जाने सम्बन्धी निर्देश दिये गये हैं। जनपद आजमगढ़ मदरसा पोर्टल पर लॉक सभी 387 मदरसों द्वारा अपने-अपने मदरसे में अध्ययनरत छात्र/छात्राओं से सम्बन्धित डाटा फीड किये जाने के निर्देश जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कार्यालय से सम्बन्धित विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से पूर्व में ही दी जाती रही है, किन्तु बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्राप्त कराये गये अद्यतन रिपोर्ट से यह ज्ञात हुआ है कि अभी भी जनपद के कतिपय लगभग 100 मदरसों द्वारा या तो यू-डायस+ पोर्टल पर छात्रों से सम्बन्धित डाटा फीडिंग का कार्य आरम्भ ही नहीं किया गया है, अथवा आरम्भ किया गया है तो मात्र 25 से भी कम छात्र/छात्राओं से सम्बन्धित डाटा ही फीड कराया गया है।
उन्होंने जनपद में संचालित सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को सूचित किया है कि वे यू-डायस+ पोर्टल पर अपनी संस्था में अध्ययनरत सभी छात्र/छात्राओं का डाटा तत्काल प्रभाव से फीड कराना आरम्भ करना सुनिश्चित करें एवं उन्हें पूर्ण करते हुए उसकी सूचना कार्यालय जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग को अगले एक सप्ताह में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, जिन मदरसों द्वारा एक सप्ताह के पश्चात भी यू-डायस+ पोर्टल पर अपनी छात्र संख्या की फीडिंग नहीं आरम्भ की जायेगी। उन्हें यह मानते हुए कि वे मदरसे वर्तमान में असंचालित हैं, उनके विरूद्ध यथोचित कार्यवाही करते हुए रजिस्ट्रार/निरीक्षक, उ0प्र0 मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ को मान्यता प्रत्याहरित करने सम्बन्धी सूचना प्रेषित कर दी जायेगी, जिसका सम्पूर्ण उत्तरदायित्व उनका स्वयं का होगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी वर्षा अग्रवाल ने सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को आदेशित किया है कि वे अपने छात्रों की संख्या तथा उनके डेटा अति शीघ्र शासन द्वारा बनाए गए,यूडायस+ पोर्टल पर जल्द से जल्द अपलोड करें
244 Views
