रिपोर्ट:जय प्रकाश श्रीवास्तव
बुनाई विद्यालय के पीछे वार्ड नं० 35 मुंशीपुरा पूर्वी, ओम नगर कालोनी के लोगों का सब्र अब टूटने लगा है। लगातार तीन वर्षों से क्षेत्रवासी सड़क और नाले के निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। हर बरसात के बाद इलाके की सड़कें दलदल में बदल जाती हैं और टूटे नालों का गंदा पानी घरों में घुसकर लोगों का जीना मुश्किल कर देता है।
परिवर्तन एक लक्ष्य समिति के अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने अनगिनत बार नगर पालिका अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया, लेकिन किसी ने मौके पर आकर स्थिति देखने की ज़हमत तक नहीं उठाई। श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अध्यक्ष वार्डों में कार्य आवंटन चुनावी मतों के आधार पर कर रहे हैं, जहां से अधिक वोट मिले वहां विकास कार्य हो रहे हैं, जबकि मुंशीपुरा जैसे वार्ड उपेक्षा का शिकार बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि यह भेदभावपूर्ण रवैया जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ है। क्षेत्र के नागरिक अब परेशान होकर विरोध की तैयारी में हैं। अगर शीघ्र ही सड़क और नाले का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो समिति एवं स्थानीय लोग मिलकर जन आंदोलन शुरू करेंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब वे केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे — उन्हें विकास कार्य की वास्तविक शुरुआत चाहिए, ताकि उनका इलाका भी स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम आवागमन वाला बन सके।




