अवैध बैरियर लगाने की फिर कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने रात 2 बजे पहुंचकर रोका; मंत्री दारा सिंह चौहान पहले ही हटवा चुके हैं बैरियर

35 Views

जनता के विरोध के आगे नहीं चली ठेकेदार की मनमानी, अवैध बैरियर लगाने का प्रयास फेल

दारा सिंह चौहान के हटवाए बैरियर को दोबारा लगाने का प्रयास, ग्रामीणों ने रोका

आजमगढ़। जनपद के मोहम्मदपुर फरिहा तिराहे पर अमौड़ा टोल प्लाजा के तत्कालीन ठेकेदार द्वारा एक बार फिर कथित रूप से बिना अनुमति अवैध बैरियर लगाने का प्रयास ग्रामीणों के विरोध के चलते विफल हो गया। बताया जा रहा है कि बीती रात करीब 2 बजे जेसीबी मशीन और 25–30 लोगों के साथ ठेकेदार मौके पर पहुंचा और बैरियर लगाने का कार्य शुरू कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिना अनुमति बैरियर लगाए जाने का कड़ा विरोध किया। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासनिक अनुमति है तो उसे सार्वजनिक किया जाए, अन्यथा किसी भी कीमत पर अवैध बैरियर नहीं लगाने दिया जाएगा। विरोध बढ़ता देख बैरियर लगाने का प्रयास रोकना पड़ा।
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान के प्रयास से इसी स्थान पर लगाए गए कथित अवैध बैरियर को हटाया गया था। इसके बावजूद दोबारा बैरियर लगाने की कोशिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहम्मदपुर फरिहा तिराहा मंत्री के क्षेत्र, एयरपोर्ट मार्ग तथा शाहगंज, अतरौलिया और अंबेडकर नगर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। उनका आरोप है कि इस मार्ग पर बैरियर लगाने का उद्देश्य राहगीरों को दूसरे रास्ते से गुजरने के लिए मजबूर करना है, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़े।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना अनुमति अवैध बैरियर लगाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार का अवैध अवरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *