मऊ। बकाया विद्युत बिल को लेकर सोमवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित कर्मचारी आवास की बिजली काट दी गई। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष अविनाश सिसौदिया के अनुसार आवास का करीब 40 लाख रुपये विद्युत बिल बकाया बताया जा रहा है।
कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2015 से उनके वेतन से नियमानुसार बिजली बिल की कटौती की जा रही है। इसके बावजूद बार-बार विद्युत आपूर्ति काटे जाने से परेशानी हो रही है। आवास परिसर में बिजली के पोल और तार भी जर्जर हैं, जिन्हें बदलने के लिए विभाग को पूर्व में अवगत कराया जा चुका है।
कर्मचारियों ने व्यक्तिगत नाम से कनेक्शन लेने के बजाय कमरा नंबर के आधार पर मीटर व सब-मीटर लगाने और एबीसी केबल बिछाने की मांग की है। उनका कहना है कि स्थानांतरण और सेवानिवृत्ति के बाद व्यक्तिगत कनेक्शन कटवाने में काफी दिक्कत होती है।
आवास परिसर में झाड़-झंखाड़ होने से जहरीले सांप व अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ है। कर्मचारियों ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर जर्जर पोल-तार बदलवाने, एबीसी केबल लगवाने तथा कमरा नंबर के आधार पर विद्युत कनेक्शन की व्यवस्था कराने की मांग की है।
