आर.डी.एस. पब्लिक स्कूल के 800 बच्चों ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा चिरैयाकोट, बच्चों में दिखा देशभक्ति का उत्साह
चिरैयाकोट/आजमगढ़/मऊ। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर आर.डी.एस. पब्लिक स्कूल, चिरैयाकोट के छात्र-छात्राओं ने शनिवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा में विद्यालय के करीब 800 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा आजमगढ़ तिराहे से प्रारंभ होकर धर्मदास गेट, तकिया रोड और बरहल पुलिया होते हुए विद्यालय परिसर पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे बच्चों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
इससे पूर्व विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राणा प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के पश्चात छात्र-छात्राओं ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया।
विद्यालय के प्रबंधक भानु प्रताप सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने बच्चों से देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सदैव सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आकाश सिंह, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय परिवार का विशेष योगदान रहा।
रिपोर्ट: जय प्रकाश श्रीवास्तव
फोटो कैप्शन: आर.डी.एस. पब्लिक स्कूल चिरैयाकोट के छात्र-छात्राएं तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के नारों के साथ।




