तहसील परिसर में मेहनाजपुर के महिला की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत

29 Views

एसडीएम नेहा मिश्रा ने अस्पताल का किया निरीक्षण, चार डॉक्टर मिले अनुपस्थित

लालगंज (आजमगढ़)। तहसील परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन संबंधी विवाद को लेकर एसडीएम को प्रार्थना पत्र देने आई 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह परिसर में ही गिर पड़ी। महिला को तत्काल तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानन्द दूबे अपनी सरकारी गाड़ी से सौ शैय्या अस्पताल लालगंज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या, निवासी ग्राम भगवानपुर, थाना मेहनाजपुर, अपने पाटीदार से चल रहे जमीन संबंधी विवाद से परेशान थीं। वह मामले के संबंध में प्रार्थना पत्र देने तहसील पहुंची थीं। एसडीएम को प्रार्थना पत्र देने के बाद जब वह तहसील परिसर से बाहर निकल रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह गिर पड़ीं।
महिला के गिरने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार और न्यायिक तहसीलदार तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उन्हें अपनी गाड़ी से सौ शैय्या अस्पताल, लालगंज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला का उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा अस्पताल पहुंचीं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें चार डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को कड़े निर्देश दिए।
एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और चिकित्सकों की उपस्थिति को लेकर आवश्यक जानकारी ली तथा मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
महिला की मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *